रुद्रपुर। मेयर विकास शर्मा ने गांधी कॉलोनी स्थित दक्षिणेश्वर श्री हनुमान मंदिर परिसर में 16 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। बुधवार को मेयर ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मूलभूत सुविधाओं में सुधार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि समाज के हर वर्ग को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मेयर ने कहा कि गांधी कॉलोनी क्षेत्र लंबे समय से सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस कर रहा था और इस भवन के बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक व धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मेयर ने आश्वासन दिया कि शहर में विकास का कोई भी कार्य अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा। स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं में सुधार हर वार्ड में समान रूप से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में बोर्ड की तीसरी बैठक में कई नई योजनाओं को मंजूरी मिली है, जिनके पूरा होने पर रुद्रपुर प्रदेश के आदर्श नगरों में शामिल होगा। शिलान्यास समारोह में मंदिर समिति के अध्यक्ष सुनील यादव, पार्षद मधु शर्मा, भजन गायक डंपी चोपड़ा, प्रीतम यादव, प्रदीप यादव, मदन यादव, पवन यादव, विष्णु आदि मौजूद रहे।