विकासनगर। पछुवादून में 10 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू होने पर बुधवार को घर-घर में गणपति बप्पा मोरया की गूंज सुनाई दी। गणेश चतुर्थी के दिन घरों, पंडालों और मंदिरों में गणपति की मूर्तियां स्थापित की गई। श्रद्धालु वाद्ययंत्रों और डीजे की धुनों पर गणपति बप्पा की मूर्ति को अपने घर लाए। इसे लेकर लोगों में उत्साह देखा गया।भव्य पंडालों में विराजे गणपति: पछुवादून में लगने वाले भव्य पंडालों में डाकपत्थर में विशाल गणपति पंडाल सजा है। पंडाल में 10 दिनों तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगेगी। इसके साथ ही बादामावाला, हरबर्टपुर, विकासनगर, सहसपुर और सेलाकुई में कई मंदिरों और घरों में भी गणपति मूर्तियां स्थापित की गई। मंदिरों और घरों में धार्मिक अनुष्ठान के बाद मूर्ति को स्थापित किया गया। इस दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा: बादामावाला स्थित शिव मंदिर में गणेश मूर्ति स्थापित करने के लिए श्रद्धालु बुधवार सुबह से तैयारियों में जुटे हुए थे। दस बजे भव्य शोभायात्रा और गाजे बाजों के साथ गणपति की प्रतिमा को मंदिर तक लाया गया। जहां से भी गणपति बप्पा की मूर्ति गुजरी, लोगों ने पुष्पवर्षा की। शोभायात्रा में शामिल महिला, पुरुष, बच्चे उल्लास में नाचते-गाते चल रहे थे। मंदिर में श्रद्धालुओं ने बप्पा का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर में गणेश उत्सव दो सितंबर तक मनाया जाएगा। प्रतिदिन चार बार गणपति वंदना की जाएगी। शोभायात्रा में विजेश्वरी देवी, पूनम, अनिता, सवित्री, राजी, किरन, रीना, आशा, अनिल कुमार, गुमान चौधरी, मोहित कुमार, सूरजपाल, विक्की और सुनील आदि शामिल रहे।