चेतावनी निशान से 10 सेंटीमीटर नीचे बही गंगा

Spread the love

हरिद्वार। भीमगोड़ा बैराज पर रविवार को गंगा दो घंटे तक चेतावनी निशान से 10 सेंटीमीटर नीचे बहती रही। पहाड़ों में हो रही बारिश और ऋषिकेश पशुलोक बैराज से गंगा में अतिरिक्त पानी की निकासी के कारण तड़के तीन बजे बैराज पर गंगा का जलस्तर बढ़ गया। गंगा का जल स्तर बढ़ने के बाद रविवार को प्रशासन अलर्ट पर रहा। रविवार को तड़के दो बजे गंगा के जलस्तर में इजाफा होना शुरू हुआ। इसके बाद गंगा एक दफा चेतावनी निशान से 10 सेंटीमीटर नीचे बही। सुबह से शाम तक गंगा के जलस्तर बढ़ता और घटता रहा। शाम चार बजे गंगा चेतावनी निशान से 40 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी। गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद बैराज से निचले इलाकों में पानी की निकासी बढ़ा दी गई। इस दौरान निचले इलाकों में बैराज से पानी का अधिकतम डिस्चार्ज 154334 क्यूसेक रहा। पिछले करीब एक माह से गंगा का जल स्तर के वृद्धि के बाद डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर रखा है। रविवार को दिन भर डीएम ने गंगा के जलस्तर पर सतर्क नजर बनाए रखी। गंगा में जल वृद्धि की संभावनाओं के तहत डीएम ने लोगों से गंगा के तटीय इलाकों में जाने से बचने, गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने और निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की। यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी भी डीएम को पूरा दिन जल स्तर बढ़ने और घटने की जानकारी देते रहे। यूपी सिंचाई विभाग के जेई हरीश कुमार ने बताया कि रात 12 बजे गंगा का जलस्तर 292 मीटर के निशान के ऊपर चला गया। सुबह तीन बजे गंगा के जलस्तर में अधिकतम वृद्धि दर्ज हुई। बताया कि गंगा का चेतावनी निशान 293 मीटर और खतरे का निशान 294 मीटर पर है। कब कितना गंगा का जलस्तर रहा मध्यरात्रि 12 बजे 292.40 सुबह 01 बजे 292.65 सुबह 03 बजे 292.90 मीटर सुबह 05 बजे 292.80 सुबह 08 बजे 292.55 मीटर सुबह 09 बजे 292.60 मीटर सुबह 10 बजे 292.70 मीटर शाम 04 बजे 292.60 मीटर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *