हरिद्वार()। भीमगोड़ा बैराज पर बुधवार को गंगा चेतावनी निशान से 10 सेंटीमीटर नीचे बही। गंगा का अधिकतम जलस्तर 293.90 मीटर रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश के कारण हरिद्वार में गंगा उफान पर है। गंगा में अतिरिक्त जल की निकासी भी की जा रही है, जिसके चलते बीते एक माह से बैराज पर जलस्तर सामान्य से अधिक बना हुआ है। बुधवार सुबह से ही गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा। इस दौरान बैराज से निचले इलाकों की ओर पानी की निकासी भी तेज रही। बुधवार को निचले क्षेत्रों में पानी का अधिकतम डिस्चार्ज 1,40,000 क्यूसेक दर्ज किया गया। इससे तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। जलस्तर बढ़ने के कारण कई इलाकों में भूमि कटाव भी हो रहा है, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निचले इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। यूपी सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर हरीश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह गंगा चेतावनी निशान के करीब बहने लगी थी। उन्होंने बताया कि गंगा का चेतावनी निशान 293 मीटर और खतरे का निशान 294 मीटर है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।