हरिद्वार। भीमगोड़ा बैराज पर गुरुवार को गंगा का जलस्तर 292.45 मीटर रिकॉर्ड हुआ। इस दौरान गंगा चेतावनी निशान से मात्र 55 सेंटीमीटर नीचे बही। करीब तीन घंटे तक गंगा चेतावनी निशान के आसपास बहती रही। पहाड़ों में हो रही बारिश के बाद गुरुवार को गंगा का जलस्तर बढ़ गया। गुरुवार को भीमगोड़ा बैराज पर तड़के सुबह तीन बजे गंगा 292 मीटर के निशान से ऊपर बहने लगी। इस दौरान बैराज पर गंगा का जल स्तर 292.20 सेंटीमीटर दर्ज हुआ। सुबह छह बजे गंगा का जलस्तर 292.45 सेंटीमीटर तक बढ़ गया। इसके बाद सुबह 09 बजे तक गंगा 292.45 सेंटीमीटर के निशान पर बही। छह बजे से 09 बजे तक गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान से 55 सेंटीमीटर नीचे रहा। जलस्तर बढ़ने की सूचना के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा के किनारे रहने वालों लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया। गंगा के तटीय इलाकों में बसे गांवों को अलर्ट में रखा गया है। भीमगोड़ा बैराज के जेई हरीश कुमार ने बताया कि सामान्य समय में बैराज से एक लाख से एक लाख 25 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज लेवल होता है। लेकिन गुरुवार को गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद डिस्चार्ज लेवल डेढ़ लाख क्यूसेक तक रहा। बताया कि भीमगोड़ा बैराज की क्षमता छह लाख क्यूसेक पानी से अधिक है।
कब कितना रहा गंगा का जल स्तर
सुबह 03 बजे 292.20 सेंमी.
सुबह 06 बजे 292.45 सेंमी.
सुबह 09 बजे 292.45 सेंमी.
सुबह 10 बजे 292.35 सेंमी.
सुबह 11 बजे 292.30 सेंमी.
दोपहर 02 बजे 292.20 सेंमी.