गंगा हमारी संस्कृति की जीवनरेखा और अटूट आस्था का केंद्र

Spread the love

भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में नमामि गंगे पखवाड़े का हुआ समापन
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में चल रहा नमामि गंगे कार्यक्रम के अन्तर्गत गंगा स्वच्छता पखवाड़ा मंगलवार को सम्पन्न हो गया है। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा गंगा की महत्ता और जल संरक्षण पर आधारित मार्मिक लघु नाटिका, मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम और समूह गान की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य (कुल्हाड़) महेन्द्र सिंह राणा, विशिष्ट अतिथि श्रीमती रेखा देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुलभूषण एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशीष रावत ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी वरुण ने 15 दिवसीय गतिविधियों की विस्तृत आख्या प्रस्तुत करते हुए बताया कि पखवाड़े के दौरान स्वच्छता अभियान, पोस्टर-स्लोगन प्रतियोगिताओं और जन जागरूकता रैलियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को गंगा संरक्षण के प्रति संकल्पित किया गया। मुख्य अतिथि महेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि गंगा हमारी संस्कृति की जीवनरेखा और अटूट आस्था का केंद्र है। कहा कि ‘नमामि गंगे’ केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह नदियों के अस्तित्व को बचाने का एक पावन यज्ञ है, जिसमें हर नागरिक की आहुति अनिवार्य है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए कंसेशन पर बस सुविधा उपलब्ध कराने और महाविद्यालय को सोलर लाइटों से सुसज्जित करने की घोषणा की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. एल.आर. राजवंशी ने कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल 15 दिनों का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन का संस्कार होना चाहिए। एक शिक्षक और एक विद्यार्थी के रूप में हमारा यह दायित्व है कि हम ज्ञान के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। यह पखवाड़ा भले ही आज समाप्त हो रहा है, लेकिन हमारी नदियों और प्रकृति को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प आजीवन जारी रहेगा। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे इस अभियान के दूत बनकर अपने गांव और समाज को जागरूक करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को हम एक निर्मल और अविरल गंगा सौंप सकें। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उमेश ध्यानी ने किया। कार्यक्रम में राजकीय इण्टर कॉलेज सतपुली के प्रवक्ता भगतराम लखेड़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटलमंडा की अध्यापिका श्रीमती आशा बुढ़ाकोटी, सहायक अध्यापक शालिनी गुसाईं सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *