आईआईटी छात्र को तलाशने के लिए गंगनहर को किया बंद, नहीं मिला सुराग

Spread the love

रुड़की(। आईआईटी रुड़की के लापता 29 वर्षीय छात्र आशीष शुक्ला की तलाश में शुक्रवार को भी दिनभर गंगनहर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लेकिन देर शाम तक छात्र का कुछ पता नहीं चल सका। जबकि छात्र को तलाशने के लिए गंगनहर में पानी भी बंद करा दिया गया है। इसके बावजूद अभीतक उसके बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। छात्र को तलाशने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईआईटी की सुरक्षा एजेंसी समेत स्थानीय पुलिस की टीम संयुक्त रूप से जुटी हुई है। घटना स्थल से लेकर आसफनगर झाल तक जगह जगह एनडीआरएफ की टीम खड़ी है। ताकि कहीं पर छात्र नहर में दिख सके। अधिकारियों ने रेस्क्यू टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जलस्तर के साथ बहाव की स्थिति का जायजा लिया। सिविल लाइन कोतवाली इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि हादसा बुधवार शाम का है, जब आईआईटी का छात्र आशीष शुक्ला अपने चार दोस्तों के साथ गंगनहर घाट पर घूमने आया था। घाट के किनारे टहलते समय अचानक उसका पांव फिसल गया और वह सीधे उफनती गंगनहर में जा गिरा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह आंखों से ओझल हो गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि छात्र की तलाश अभियान में तेजी लाई गई है। इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। आसफनगर झाल छावनी में तब्दील आसफनगर झाल पिछले दो दिनों से छावनी में तब्दील हो रखी है। काफी संख्या में रेस्क्यू टीम ने यहां डेरा डाला हुआ है। इसके साथ ही आशीष शुक्ला के परिजन और आईआईटी के कई छात्र भी यहां डटे हुए हैं। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द उनके बेटे को तलाश करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *