भूस्खलन के चलते तीसरे दिन भी बाधित रही गंगोत्री धाम की यात्रा

Spread the love

उत्तरकाशी। गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी से आगे हेलगूगाड़ के समीप लगातार भूस्खलन के कारण गंगोत्री धाम की यात्रा तीसरे दिन भी बाधित रही। हेलगूगाड़ में पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का सिलसिला पिछले तीन-चार दिनों से जारी है, जिस कारण मार्ग पर आवाजाही बंद है। इसके चलते जगह-जगह ठहरे हजारों यात्री सोमवार को भी गंगोत्री धाम के दर्शन नहीं कर पाए। बता दें कि भटवाड़ी से आगे हेलगूगाड़ में पहाड़ी से चट्टानी मलबा लगातार गिर रहा है। मलबा गिरने के कारण बीआरओ की मशीनरी हाईवे को आवाजाही के लिए नहीं खोल पा रही है। बारिश के येलो अलर्ट और हेलगूगाड़ में भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बीते शनिवार और रविवार को गंगोत्री धाम की यात्रा रोकने का निर्णय लिया था। सोमवार को उत्तरकाशी और अन्य यात्रा पड़ावों पर ठहरे हजारों यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन की इंतजारी में थे, लेकिन हाईवे न खुल पाने से यात्रियों के दर्शन की उम्मीद क्षीण हो गई। देर शाम तक यात्री मार्ग खुलने के इंतजार में है। समाचार लिखे जाने तक हाईवे पर यातायात सुचारू नहीं हो सका है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि हेलगूगाड़ में पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला नहीं थम रहा है, जिस कारण बीआरओ की मशीनरी मार्ग नहीं खोल पा रही। ऐसे हाल में यात्रियों को आगे नहीं जाने दिया सकता है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पहाड़ी से बोल्डर गिरना रुकेगा, तभी मार्ग खुल सकेगा। मार्ग खुलते ही सबसे पहले गंगोत्री धाम वाले ऊपरी छोर से यात्रियों के वाहन निकाले जाएंगे।
कई स्थानों में बंद रहा यमुनोत्री हाईवेरू यमुनोत्री हाईवे पर सुबह भूस्खलन के कारण यातायात कई स्थानों पर ठप रहा। यमुनोत्री हाईवे पर सोमवार की सुबह किसाला, डबरकोट, सिलक्यारा, कल्याणी आदि स्थानों पर भूस्खलन के कारण मार्ग करीब तीन घंटे बंद रहा। जिस कारण यात्री परेशान रहे। हालांकि सुबह ही सभी स्थानों पर यमुनोत्री हाईवे यातायात के लिए खुल गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *