गंगोत्री हाईवे हेल्गुगाड़ में आवाजाही के लिए बंद

Spread the love

उत्तरकाशी(। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को हेल्गुगाड़ में मलबा व पत्थर गिरने के कारण दिनभर आवाजाही के लिए बंद रहा। यहां बीआरओ की जेसीबी मशीन और मजदूर मार्ग को खोलने में जुटे हैं। देर शाम तक मार्ग आवाजाही के लिए नहीं खुल सका। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर दर्जनों यात्री वाहन फंसे रहे। वहीं यमुनोत्री हाईवे धरासू में बंद है। यहां भूस्खलन प्रभावित जोन पर कार्य चल रहा है, जिस कारण वाहनों की आवाजाही बंद है। वहीं आधा महीने से भी ज्यादा समय से जंगलचट्टी, बनास, नारदचट्टी आदि स्थानों पर भूधंसाव के चलते यमुनोत्री मार्ग बाधित पड़ा है। जिससे यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू नहीं हो सकी है। शनिवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भटवाड़ी, चड़ेथी, हेल्गुगाड़ के पास सुबह ही आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गया था। भटवाड़ी और चड़ेथी में मार्ग को जल्द आवाजाही के लिए खोल दिया गया था, लेकिन हेल्गुगाड़ के समीप मार्ग आवाजाही के लिए दिनभर बाधित रहा। यहां लगातार पहाड़ी से बड़े बोल्डर और मिट्टी गिरने से मार्ग को खोलने में बीआरओ को भारी दिक्कतें आ रही है। शाम तक भी यहां मार्ग आवाजाही के लिए बंद पड़ा है। जिस कारण दिनभर मुसाफिर भूखे प्यासे जाम में फंसे रहे। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कल्याणी, बाडिया में सुबह बाधित रहा। जंगलचट्टी, बनास एवं नारदचट्टी के पास मार्ग कई दिनों से अवरूद्ध है। एनएच द्वारा मार्ग सुचारू किये जाने के लिए लगातार मशीनरी कार्य कर रही है। इधर, बड़कोट-डामटा-विकास नगर मोटर मार्ग, उत्तरकाशी-सुवाखोली-देहरादून मोटर मार्गख् उत्तरकाशी-लम्बगांव मोटर मार्ग यातायात के लिए सुचारू है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *