गंगोत्री विधायक और एडीएम ने किया यात्रा तैयारियों का निरीक्षण

Spread the love

उत्तरकाशी। विधायक सुरेश चौहान ने बुधवार को बारिश के बीच अधिकारियों के साथ गंगोत्री धाम जाकर यात्रा व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उनके साथ यात्रा की सतत निगरानी के लिए नामित नोडल अधिकारी एडीएम मुक्ता मिश्र भी रहीं। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को कहा कि सड़कों की हालत में जल्द सुधार करें। मंदिर समिति सचिव सुरेश सेमवाल ने यात्रा व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क आदि सुविधाएं यात्रा सीजन शुरू होने तक दुरूस्त नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विधायक और एडीएम ने उजेली और गंगोरी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त पड़ी सुरक्षा दीवार की जल्द मरम्मत करने को कहा। सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री व मलबे को तत्काल हटाने और सड़क को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। भटवाड़ी में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए नदी की ओर वायर क्रेट लगाने, ऊपर से आ रहे मलबे को हटाने को कहा। वहीं लिमच्यागाड़ में ध्वस्त सड़क पर धीमी गति से चल रहे कार्यों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डबरानी में भूस्खलन जोन के उपचार और नदी कटाव से सड़क को हो रहे नुकसान को देखते हुए सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू करने को कहा। विधायक ने हर्षिल, तेलगाड़ व धराली में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया।
गंगोत्री धाम में मंदिर समिति एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्था पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, एसडीएम शालिनी नेगी, जिला पर्यटन अधिकारी केके जोशी, बीडीओ अमित ममगाईं, ईई सिंचाई सचिन सिंघल, मनोज गुसांई, आपदा समन्वयक जय पंवार आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *