गंगोत्री-यमुनोत्री व बदरीनाथ हाईवे बंद, बारिश का रेड अलर्ट, उत्तरकाशी में कल स्कूल रहेंगे बंद

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा हुआ है। प्रदेशभर में बारिश ने परेशानी खड़ी कर दी है। भूस्खलन और मलबा आने से गंगोत्री-यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे बंद हो गए हैं। यमुनोत्री हाईवे पर राना चट्टी से आगे झर्झरगाड़ के पास 100 से अधिक भू-धंसाव हो गया है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ में भी बंद है। जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई है। उधर, केदारनाथ हाइवे पर भी जगह जगह पत्थर गिर रहे हैं। हाईवे को खोलने का काम जारी है लेकिन बार-बार बारिश होने से मलबा हटाने में दिक्कतें आ रही हैं। वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से धरासू बैंड में पुलिस ने रोक दिया है। गंगोत्री हाईवे बंदरकोट में बंद होने के चलते पुलिस ने वाहनों को ओपन टनल से पहले रोक दिया है।
आगामी दो दिन भारी बारिश के अलर्ट को को देखते हुए उत्तरकाशी में कल 12 जुलाई को कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल ओर आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
हर्षिल घाटी के धराली में खीरगंगा उफान पर है। खीरगंगा के उफान पर आने से धराली बाजार को खतरा पैदा हो गया है। वहीं, हर्षिल और गंगोत्री घाटी मे दो दिन से विद्युत आपूर्ति ठप है।
रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ मार्ग पर फाटा में सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे पर एक बाइक हादसे का शिकार हो गई। जिसमें एक यात्री की मौत हो गई।
भारी बारिश के बाद रुड़की की सोलानी नदी रौद्र रूप में बहने लगी। जिसके चलते माजरा मयूर विहार कॉलोनी सहित शनिदेव मंदिर के पीछे स्थित कॉलोनी में पानी भर गया है। मयूर विहार कॉलोनी की दीवार तोड़ कर पानी अंदर घुस गया। पानी के लगातार बढ़ते वेग से स्थानीय लोगों में दहशत बनी हुई है।
मंगलवार दोपहर सीएम धामी आईएसबीटी क्षेत्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। वहीं उन्होंने आस-पास के प्रभावित इलाकों का भी दौरा किया। इस दौरान डीएम सोनिका ने उन्हें नुकसान के बारे में जानकारी दी।
पिछले तीन दिन से प्रदेशभर में चल रहे बारिश का क्रम मंगलवार को भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेशभर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। खासकर, कुमाऊं के जनपदों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। बुधवार को भी प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को उत्तराखंड के चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। बाकी जनपदों में कहीं-कहीं भारी से भारी वर्षा हो सकती है। राज्य में कहीं-कहीं गर्जना के साथ बिजली चमकने एवं तीव्र दौर की वर्षा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *