गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे मलबा आने से घंटों बंद रहे

Spread the love

 

उत्तरकाशी। जिले में बारिश के कारण एक बार फिर से गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह भूस्खलन होने पर यातायात के लिए घंटों ठप रहे। गंगोत्री हाईवे पर सुबह मनेरी डैम के पास भारी मात्रा में मलबा आने से एक टैंपो वाहन सड़क से नीचे जा पलटा। हालांकि, वाहन चालक पहले ही वाहन से नीचे उतर गया था। नलूणा और सैंज में हाईवे पर आवाजाही ठप रही। यमुनोत्री हाईवे पर डबरकोट और झर-झर गाड के समीप बाधित रहा। मंगलवार को सुबह करीब पांच बजे गंगोत्री हाईवे पर मनेरी डैम के पास भारी मात्रा में चट्टानी बोल्डर गिरे। पहाड़ी से गिरते मलबे के बीच एक टैंपो वाहन यहां से जबरदस्ती आगे जाने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच ऊपर से भारी मात्रा में मलबा आ गिरा और वाहन वहीं फंस गया। कुछ देर बाद मलबे के ढेर से वाहन सड़क से नीचे पलट गया। वाहन के फंसने पर चालक पहले ही गाड़ी से उतर कर सुरक्षित स्थान पर चला गया था, जिससे जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर बीआरओ की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और करीब चार घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे को यातायात के लिए बहाल किया। इसी तरह नलूणा और सैंज के समीप भी हाईवे पर पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण आवाजाही घंटों तक ठप रही। दोपहर करीब 12 बजे तक बीआरओ की ओर से मार्ग को सभी स्थानों पर यातायात के लिए सुचारू किया गया। उधर, यमुनोत्री हाईवे पर सुबह पांच बजे झर झर गाड़ के समीप भारी मात्रा में चट्टानी बोल्डर गिरने से यातायात करीब चार घंटे तक ठप रहा। डबरकोट में भी हाईवे बाधित रहा, जिसे दोपहर तक यातायात के लिए बहाल किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि फिलहाल दोनों राजमार्ग यातायात के लिए खुले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *