गढ़वाल सांसद बलूनी ने सुनी आपदा प्रभावितों की समस्याएं

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने चमोली जिले के आपदाग्रस्त इलाकों का दौरा कर बुधवार को लौटते हुए श्रीनगर क्षेत्र के फरासू और घसियामहादेव टीचर्स कॉलोनी में हुए भूस्खलन क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। सांसद बलूनी ने आपदा प्रभावित परिवारों से भेंट की और उनकी समस्याएं सुनी। बलूनी ने कहा कि वर्तमान में भीषण प्राकृतिक आपदा ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है। कई परिवार विस्थापन और कठिनाइयों से जूझ रहे हैं, जिसके समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकारें पूरी गंभीरता से प्रयासरत हैं।सांसद ने फरासू क्षेत्र का जायजा लेते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त सड़क और पहाड़ी से आ रहे मलबे को रोकने और सही करने के लिए एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) विभाग ने टीएचडीसी को आंगणन तैयार करने को कहा था। टीएचडीसी द्वारा 54 करोड़ रुपये का आंगणन बनाया गया है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण और ट्रीटमेंट का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों व स्थानीय लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। सांसद बलूनी ने घसिया महादेव टीचर्स कॉलोनी के प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और तुरंत राहत व स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। सांसद ने आरवीएनएल के सीपीएम अजीत यादव से फोन पर बात कर प्रभावित क्षेत्र के लिए त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सांसद बलूनी ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हर संभव सहयोग करेंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके और आने वाले दिनों में ऐसी परिस्थितियों से लोगों को जूझना न पड़े। इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला, भाजपा पौड़ी जिला महामंत्री गणेश भट्ट, श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, भाजपा नेता रामकृष्ण रतूड़ी, आपदा प्रभावित वासुदेव कंडारी, संदीप गुसांई आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *