रुद्रप्रयाग : गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जनपद के आपदा प्रभावि क्षेत्र छेनागाड़ का दौरा किया इस दौरान उन्होंने आपदा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका दु:ख दर्द जाना। सांसद ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्याएं सुनी। उन्होंने हर प्रभावित को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। बुधवार को गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी सुबह वाहन से छेनागाड़ पहुंचे। उन्होंने ग्राउंड जीरो पर जाकर आपदा से हुई तबाही का निरीक्षण किया। बलूनी ने कहा कि सरकार पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र में कार्य कर रही है। कहा कि छेनागाड़ क्षेत्र में राहत और पुनर्निर्माण कार्य केदारनाथ आपदा पुनर्निर्माण मॉडल की तर्ज पर किए जाएंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास, आधारभूत सुविधाएं और बेहतर आजीविका के अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि आपदा मानकों के अनुसार हर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा। किसी भी प्रभावित व्यक्ति को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। स्थलीय निरीक्षण के दौरान सांसद अनिल बलूनी ने क्षतिग्रस्त मकानों, खेतों और बुनियादी ढांचे को भी देखा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं की बहाली की जाएगी। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को अस्थायी आवास और खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने स्थानीय जनता से बातचीत करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक प्रभावित परिवारों को पूरी तरह से सुरक्षित और स्थायी आवास नहीं मिल जाते, तब तक सरकार लगातार सहायता करती रहेगी। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, पद्म भूषण से सम्मानित पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट, विधायक भरत सिंह चौधरी, विधायक आश नौटियाल, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल, आलोक नेगी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। (एजेंसी)