गढ़वाल राइफल्स लैंसडौन को मिला जीओसी इन चीफ का यूनिट साइटेशन सम्मान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर को उत्कृष्ट प्रशिक्षण स्तर, प्रशासनिक क्षमता, उत्तम सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, कार्यदक्षता तथा भारतीय सेना की गौरवशाली परम्पराओं को बनाये रखने में अनुकरणीय योगदान हेतु जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ मध्य कमान द्वारा यूनिट साइटेशन से सम्मानित किया गया है।
सेंट्रल कमांड द्वारा अलंकरण समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया। जिसमें यह सम्मान गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर को प्रदान किया गया। सैनिकों के सर्वांगीण प्रशिक्षण, भूतपूर्व सैनिकों व वीर नारियों की देखभाल तथा राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता जैसे उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह गौरवशाली सम्मान प्रदान किया गया। इस वर्ष देशभर के मिलिट्री स्टेशनों में लैंसडौन को बेस्ट, क्लीन ग्रीन व सतत विकास प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एवं छावनी चिकित्सालय लैंसडौन को रक्षा मंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर को इससे पहले उत्तम सेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यक्षमता के लिए वर्ष 2013 एवं वर्ष 2020 में भी जीओसी-इन-सी मध्य कमान का यूनिट साइटेशन मिल चुका है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान भविष्य में और अधिक समर्पण, उत्साह एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *