गैस नहीं मिलने पर एचपी गैस उपभोक्ताओं में रोष

Spread the love

नैनीताल। नैनीताल में एचपी गैस के उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिलने पर आक्रोश बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार उन्हें कई दिनों से गैस आपूर्ति नहीं हो सकी है। इससे खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने गुरुवार को मल्लीताल में धरना-प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया।
अयारपाटा वार्ड के सभासद मनोज साह जगाती के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने यहां धरना दिया। शहर के मल्लीताल स्थित गोल घर चौराहे पर एकत्रित होकर लोगों ने गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि काफी लंबे समय से शहर के करीब दो हजार उपभोक्ताओं को रसोई गैस नहीं मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की ओर से मांग किए जाने के बाद भी गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे कई उपभोक्ताओं ने कनेक्शन काटने का भी अनुरोध किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शीघ्र ही गैस आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। मामले में एजेंसी संचालक एसएस कलेर का कहना है कि एचपीसीएल की ओर से एजेंसी को पेनाल्टी लगाई गई थी, जिस कारण आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। लेकिन अब आपूर्ति शुरू कर दी गई है। पहले दिन 276 सिलेंडर वितरित किए गए। प्रत्येक पांच दिन में उपभोक्ताओं को गैस दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *