जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त

Spread the love

रुद्रपुर()। शुक्रवार की सुबह रुद्रपुर के फुलसुंगा में नाला निर्माण के लिए जेसीबी से चल रही खुदाई के दौरान गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण गैस की सप्लाई बंद हो गई और लोगों को करीब दो से तीन घंटे तक परेशानी उठानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, दक्ष चौराहे से तीन पानी डैम वाली रोड पर खुशी वाटिका कॉलोनी के सामने नगर निगम द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसी दौरान जेसीबी का बकेट जमीन के नीचे से गुजर रही इंडियन ऑयल-अदानी गैस की पाइप लाइन से टकरा गया, जिससे पाइप फट गई और तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। गैस की तेज आवाज और गंध फैलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। गैस रिसाव के कारण क्षेत्र में घरेलू गैस सप्लाई बाधित हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलते ही इंडियन ऑयल-अदानी गैस कंपनी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा के सभी इंतजाम करते हुए गैस सप्लाई बंद की और पाइप लाइन की मरम्मत शुरू की। कुछ ही समय में गैस रिसाव पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। — फुलसूंगा वार्ड नंबर एक में नाली के निर्माण काम चल रहा है। इसी दौरान गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। मौके पर इंडियन ऑयल-अदानी गैस कंपनी की टीम को सूचना दी है। टीम द्वारा पाइप लाइन की मरमत कर दी गई। फिलहाल स्थिति सामान्य है। -शिप्रा जोशी, नगर आयुक्त

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *