जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दिल्ली से कोटद्वार पहुंचे परम विशिष्ट सेवा मैडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल व विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरुवीर पाल सिंह का गौरव सैनिक पैराशूट रेजिमेंट स्पेशल फोर्स ने स्वागत किया। इस दौरान गुरुवीर पाल सिंह ने पूर्व सैनिकों व वीर नारियों को हर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
संगठन के वरिष्ठ सदस्य राम सिंह रावत सहित अन्य सदस्यों ने पुष्प गुच्छ देकर गुरुवीर पाल सिंह का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि गुरुवीर पाल सिंह ने 38 वर्ष तक सेना में अपनी सेवाएं दी। 30 सितंबर 2025 को वह सेना से रिटायर हुए। इसके उपरांत पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए गुरुवीर पाल सिंह ने कहा कि देश की रक्षा के लिए दिए गए वीर सैनिकों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सीमा की सुरक्षा के बाद अब पूर्व सैनिक समाज की सेवा में जुटे हुए हैं। कहा कि पूर्व सैनिक व वीर नारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उनसे संपर्क कर सकते हैं। संगठन के सचिव बलवान सिंह रावत ने कहा कि संगठन वीर नारियों व पूर्व सैनिकों के हितों के लिए कार्य कर रहा है। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष गजराज सिंह नेगी, सोहन सिंह गुसाईं, रितेश उनियाल, चंद्रशेखर चौहान, सोहन सिंह गुसाईं, कमलेश्वर प्रसाद, बलवान सिंह रावत, गोपाल सिंह नेगी, विजय ध्यानी आदि मौजूद रहे।