रेलवे की प्राथमिकता संरक्षा और यात्री सुविधा : महाप्रबंधक

Spread the love

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने आलमनगर-रोजा रेलखंड का किया निरीक्षण
चयनित रेलखंडों पर 121 किमी/घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल
नई दिल्ली : उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले आलमनगर से रोजा रेलखंड का गहन निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य संरक्षा, परिचालन गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का जायजा लेना तथा उन्हें और अधिक सुदृढ़ करना था। महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता संरक्षा और यात्री सुविधा है। आज का यह निरीक्षण परिचालन गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने आलमनगर से काकोरी, मलिहाबाद, संडीला, बालामऊ, हरदोई और रोजा सहित विभिन्न स्टेशनों, यार्डों और रेल कॉलोनियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने काकोरी स्टेशन पर ‘शहीद पार्क’ का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में काकोरी स्टेशन के ऐतिहासिक योगदान को याद किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बालामऊ में उन्होंने नई क्रू लॉबी और स्वास्थ्य इकाई का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने रनिंग रूम, लेवल क्रॉसिंग (फाटकों), ब्रिजों और ट्रैक कर्व का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चयनित रेल खंडों पर 121 किमी. प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल सफलता पूर्वक संपन्न किया गया, जो रेलखंड की मजबूत क्षमता को दर्शाता है। हरदोई और अन्य स्टेशनों पर गैंग, यूएसएफडी (वराऊ) और स्मॉल ट्रैक मशीनों का निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने ट्रैक की सुरक्षा और तकनीकी मानकों पर विशेष बल दिया।

कर्मचारियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने ग्राउंड स्तर पर तैनात कर्मचारियों से सीधा संवाद किया और उन्हें संरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे अपनी परिचालन क्षमता को आधुनिक बनाने और यात्रियों को सुरक्षित सफर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *