बाघ से निजात को क्षेत्र में लगवाएं पिंजरा

Spread the love

कांग्रेस ने प्रभागीय वनाधिकारी को भेजा ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: रिखणीखाल क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बाघ के आतंक पर कांग्रेस कार्यकार्ताओं व पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त किया है। सदस्यों ने प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन भेजते हुए बाघ प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरा लगवाने की मांग की है। कहा कि ग्रामीणों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद रावत के नेतृत्व में सदस्यों ने प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन भेजा। बताया कि रिखणीखाल क्षेत्र में लगातार बाघ का आतंक बढ़ता जा रहा है। दो दिन पूर्व ही बाघ ने ग्राम झर्त निवासी विशंबरी देवी को अपना निवाला बनाया था। इससे पूर्व भी बाघ कई ग्रामीणों को अपना निवाला बना चुका है। क्षेत्र में बढ़ रही बाघ की धमक से ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। बाघ के आतंक के कारण क्षेत्र से लगातार पलायन भी हो रहा है। कहा कि ग्रामीणों को बाघ से निजात के लिए वन विभाग को गंभीरता से कार्य करना होगा। प्रभावित क्षेत्रों में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाने के साथ ही बाघ को कैद करने के लिए पिंजरे लगवाए जाने चाहिए। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, विनय पाल, रवींद्र रावत, देवा देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *