रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली-शामली के बीच नई दोहरी लाइन की घोषणा की
जयन्त प्रतिनिधि।
दिल्ली : केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने सोमवार को बड़ौत स्टेशन पर दिल्ली और शामली के बीच दो नई मेमू ट्रेन सेवाओं का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्ग दर्शन में भारतीय रेल यात्रियों की बेहतर सेवा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दिल्ली और शामली के बीच दो नई मेमू सेवाओं के प्रारंभ होने से इस क्षेत्र के डेली पैसेंजर्स, छात्र, किसान और प्रोफेशनल्स को बेहतर मोबिलिटी का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि शामली स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक और विश्व स्तरीय बनाया जा रहा है शामली-बागपत क्षेत्र की एक लंबे समय से लंबित मांग आज दो नई मेमू ट्रेनों के उद्घाटन के साथ पूरी हो रही है। ये ट्रेनें इस क्षेत्र के लोगों के लिए यात्रा को आसान बना देंगी। श्री वैष्णव द्वारा दिल्ल्ी-शामली खंड के दोहरीकरण की घोषणा के समय, बड़ौत स्टेशन पर उपस्थित विशाल जनसमूह ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया। श्री वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2014 के बाद 5272 किलोमीटर नए ट्रैक बनाए गए हैं जो स्विट्जरलैंड के कुल रेल नेटवर्क के बराबर है। उत्तर प्रदेश में रेलवे लाइनों का शत-प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन किया जा चुका है। इसके अलावा वर्ष 2014 के बाद उत्तर प्रदेश में 1460 फ्लाई ओवर तथा रोड अंडर ब्रिज बनाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्टेशनों पर 154 लिफ्ट और 156 एस्केलेटर लगाए गए हैं, 771 स्टेशनों पर वाईफाई की सुविधा प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश में अभी 34 वंदे भारत एक्सप्रेस और 26 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस अवसर पर बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान, पूर्व सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल, विधानसभा सदस्य कृष्ण पाल मालिक, बड़ौत नगर पालिका की चेयरपर्सन बबीता तोमर आदि उपस्थिति रहीं।