कैफे में युवती पर चापड़ से हमला, सिर में आए नौ टांके

Spread the love

देहरादून(। चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में कॉफी पीने गई युवती पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवती के सिर पर चापड़ (धारदार हथियार) से वार किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पटेलनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि गांधीग्राम निवासी पीयूष जोशी ने तहरीर दी। बताया कि उनकी बहन माही गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने दोस्तों के साथ चंद्रबनी चौक स्थित क्रेफ कैफे गई थी। वहां पहले से मौजूद आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु नाम के युवकों ने युवती के साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
आरोप है कि जब युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इसी बीच एक आरोपी ने पास रखे चापड़ से युवती के सिर पर हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया। उसके सिर में 8 से 9 टांके आए हैं। इंस्पेक्टर अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर आयुष रावत, सूरज राणा, हिमांशु के खिलाफ हमले की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *