हरिद्वार। तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से दो वर्ष की बच्ची के चोरी होने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस, एएचटीयू और सीआइयू की पांच संयुक्त टीमें गठित कर बच्ची की तलाश शुरू की गई। साथ ही जिले के संवेदनशील स्थानों, सीमावर्ती क्षेत्रों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया गया। मैन्युअल पुलिसिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर लगातार अभियान चलाते हुए पुलिस टीम ने चोरी हुई बच्ची को ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया। पुलिस अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।