पटुवादून में महानवमी पर घर-घर पूजी गईं कन्याएं

Spread the love

विकासनगर। पटुवादून में महानवमी पर घर-घर देवी के रूप में कन्याओं को पूजन किया गया। लोगों ने कन्याओं को उपहार वितरित किए। देवी मंदिरों में दिनभर पूजा अर्चना होती रही। नवरात्र संपन्न होने पर लोगों ने घरों में प्रसाद के रूप में हलवा-पूरी बनाया। वहीं लोगों को कन्याएं तलाशने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके लिए लोग इधर-उधर दौड़ते नजर आए। सोमवार को महानवमी पर मंदिरों में श्रद्घालुओं की आस्था देखने को मिली, जहां घंटों कतार में लगकर भक्तों ने मां के दर्शन किए। श्रद्घालुओं ने विधि-विधान से मां सिद्घादात्रि की पूजा के बाद कन्यापूजन व भोज कराकर व्रत खोला। मंदिरों में श्रद्घालुओं के साथ ही कन्याओं का भी जमावड़ा लगा रहा। अन्य दिनों की अपेक्षा महानवमी के दिन भक्तों की खासी भीड़ रही। सुबह पांच बजे से ही श्रद्घालु स्थानीय मंदिरों में मां के दर्शन के लिए पहुंचे। काली माता मंदिर कालसी, दुर्गा मंदिर भोजावाला, काली माता मंदिर अस्पताल रोड, दुर्गा मंदिर डाकपत्थर रोड के साथ ही ग्रामीण अंचलों में बने मंदिरों में श्रद्घालुओं की खासी भीड़ रही। भोजावाला स्थित दुर्गा माता मंदिर के कपाट भक्तों के लिए सुबह चार बजे ही खोल दिए गए थे। वैष्णो देवी मंदिर हरबर्टपुर, देवी मंदिर सहसपुर, सुरकंडा माता मंदिर कैनाल रोड में भी भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। महानवमी के अवसर पर कन्या भोज कराने वालों में महिला श्रद्घालुओं की संख्या ज्यादा रही। कुछ महिलाओं ने अपने घरों में जबकि ज्यादातर महिला श्रद्घालुओं ने मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन किया। श्रद्घालुओं ने कन्याओं को भोजन कराने के बाद स्वेच्छा से पैसे, कपड़े व श्रृंगार की सामग्री वितरित की। शाम के समय मंदिरों में देवी मां की विशेष आरती हुई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *