दून में श्रद्धापूर्वक नवमी में पूजी गई कन्याएं

Spread the love

देहरादून। शारदीय नवरात्रि की नवमी पूजन दून में विभिन्न स्थानों में धूमधाम और हर्षोल्लास से हुआ। शहर के अधिकांश कॉलोनियों में कन्याओं को अपने अपने घर पर आमंत्रिण कर उन्हें पूजने के लिए हर कोई उल्लास से भरा हुआ नजर आया। मंदिरों में विशेष पूजाएं हुई। कन्याओं की एक पूरी टीम हाथों में चुनरी थामे, पूजन में अर्पित सामग्री लेकर चली आ रही थी। पूरा दिन पूजा, आमंत्रण और सस्कार में व्यस्त कन्याओं को लाने ले जाने की जिम्मेदारी पूरी तरह से उस परिवार ने उठा रखी थी। जिन्होंने उन्हें अपने घर पर आमंत्रित किया था। घरों में विशेष पकवान बनाए गए। हलवा, पूड़ी, खीर से कन्याओं को जिमाया गया। घरों में बोई गई हरियाली को प्रसाद रुप में परिजनों में बांटा गया। मीठे गुलगुले बनाकर प्रसाद के रुप में बच्चों को दिया गया। नवरात्रि में नौ दिन उपवास रखने वाली व्रती महिलाओं ने अपने व्रत का उद्धापन किया। मां दुर्गा से मनोकामना मांगते हुए परिवार की खुशहाली की कामना की गई।
कैबिनेट मंत्री ने राधाकृष्ण मंदिर में पूजी 151 कन्याएं
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को शारदीय नवरात्रि की महानवमी के सुअवसर पर किशन नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में मां सिद्धिदात्री की आराधना कर 151 नौदुर्गा स्वरूपा कन्याओं का सामूहिक रूप से विधि विधान पूर्वक कन्या पूजन किया। कैबिनेट मंत्री ने कन्याओं के पांव पखारे, उनको चुनरी ओढाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। दक्षिणा और उपहार देकरनौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि की कामना भी की। मंत्री ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना का विशेष महत्व है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजयुमो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, निवर्तमान पार्षद नंदनी शर्मा, डॉ. बबीता सहोत्रा, राकेश जोशी, वाईएस चौहान सहित कई लोग उपस्थित रहे।
टपकेश्वर में हुआ विशेष अनुष्ठान
विश्व शांति, देश के चहुमुखी विकास, देवभूमि उत्तराखंड की सुख शांति और समृद्धि की मंगल कामनाओं के साथ माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर गढ़ी कैंट में आयोजित विशेष शारदीय नवरात्रि पूजा अनुष्ठान की शुक्रवार को पूर्णाहुति दी गई। कन्याओं का विशेष पूजन किया गया और दुर्गा सप्तशती के मंत्रों से आहुतियां प्रदान की गई। भजन मंडलियों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी और उसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने श्री बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम की ओर प्रस्थान किया। दोनों धामों में अयोध्या धाम से लाया गया प्रसाद अर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम में मथुरा दत्त जोशी, भगवती जोशी, नीरज अग्रवाल, आचार्य विकास भट्ट, पंडित गणेश बिजल्वाण, अरविंद बडोनी, ऋषिपाल आदि का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *