जोशीमठ के प्रभावितों को दें उचित मुआवजा

Spread the love

यूथ कांग्रेस ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जोशीमठ के प्रभावितों को उचित मुआवजा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर यूथ कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। कहा कि वैज्ञानिकों की चेतावनी के बाद भी सरकार जोशीमठ में बड़े-बड़े प्रोजेक्टों का निर्माण करवा रही थी। चेतावनी दी कि प्रभावित लोगों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय रावत के नेतृत्व में सदस्यों ने तहसीलदार माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। सदस्यों ने बताया कि विकास के नाम पर जोशीमठ में लगातार पहाड़ी को ब्लास्ट किया जा रहा था। यही कारण है कि आज जोशीमठ आपदा की जद में आ गया है। कहा कि जोशीमठ को बचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। आपदा पीडित परिवारों को राज्य सरकार की ओर से दिए जाने वाले किराया मुआवजे को पांच हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया जाना चाहिए। आपदा के कारण जिन आवासीय भवनों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान हुआ है, उन्हें श्री बद्रीनाथ की तर्ज पर 76 लाख रुपये प्रति नाली की दर से मुआवजा दिया जाए। प्रभावित क्षेत्रवासियों के विस्थापन के लिए उच्चाधिकारी प्राप्त समिति का गठन किया जाना चाहिए। साथ ही जोशीमठ क्षेत्र में खोदी गई सुरंगों को तुरंत बंद करवाया जाएं। रेलवे व अन्य परियोजनाओं को गहन वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही मंजूरी दी जाएं। इस मौके पर पंकज खत्री, अंकिश घिल्डियाल, मनीष चौहान, दमन दीप, अभिषेक रावत, निशा नेगी, आकाश नेगी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *