नैनीताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भवाली लोनिवि खंड को दुर्गम क्षेत्र घोषित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित शासनादेश जल्द जारी होगा। उन्होंने भवाली और श्यामखेत को नीब करौरी बाबा, नानतिन महाराज और गोल्ज्यू की धरती बताया। इससे पहले रविवार को नगर के श्यामखेत में फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया। कैड़ा ने कहा कि कैम्पा योजना के जरिये पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा। भविष्य की योजनाओं पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण से स्थानीय लोगों को छूट मिले, इसके लिए सरकार काम कर रही है। जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। कुंड गांव की सड़क बनाने का बजट भी आ चुका है, टेंडर हो चुका है और जल्द लोगों को सड़क का लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री ने श्यामखेत क्षेत्र में दो मंदिरों के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं पालिकाध्यक्ष पंकज आर्या ने भी एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। पर्यावरण मित्र हेड राजेश, राजा राम ने नियमितीकरण की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। पूर्व पालिकाध्यक्ष नीमा बिष्ट ने पर्यावरण मित्रों की समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने किया। पूर्व जिला मंत्री प्रकाश आर्या ने भवनों का नक्शा पास करने का अधिकार नगर पालिका को देने की मांग की। इस दौरान तहसीलदार अक्षय भट्ट, पालिकाध्यक्ष पंकज आर्या, पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा, अपर सहायक अभियंता कमल पाठक, राजेंद्र प्रसाद कपिल, नीमा बिष्ट, सुनील मेहता, कुंदन सिंह चिलवाल, किशन अधिकारी, संजय जोशी, तुलसी देवी, युवा मोर्चा अध्यक्ष आदित्य बोहरा, तरुण साह, जुगल मठपाल, मुकेश कुमार, ईओ सुधीर कुमार, दीवान मेहरा, पंकज अद्वेती, चेन सिंह मेहता, पवन भाकुनी, मुकेश गुरुरानी, नाजमा खान आदि रहे।