जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गोखले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करना प्रशासन व निगम के लिए एक चुनौती बन गया है। लाख प्रयासों के बाद भी सरकारी सिस्टम गोखले मार्ग को अतिक्रमणकारियों से मुक्त नहीं करवा पा रहा है। ऐसे में अब निगम ने अपनी दुकानों के बाहर रेहड़ी-ठेली व फड लगवाने वाले व्यापारियों को नोटिस थमाए हैं।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में अतिक्रमण आमजन के लिए नासूर बनता जा रहा है। सबसे बुरी स्थिति गोखले मार्ग पर बनी हुई है। शहर के बीच से गुजर रहे इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सरकारी सिस्टम वर्षों से प्रयास कर रहा है। लेकिन, आज तक यह अभियान रंग नहीं ला पाया। अतिक्रमण हटाने वाली टीम के वापस लौटते ही मार्ग दोबारा पुरानी स्थिति में आ जाता है। ऐसे में अब निगम व प्रशासन ने अपनी दुकानों के बाहर रेहड़ी-ठेली व फड लगवाने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया है। इसके तहत मंगलवार को गोखले मार्ग के व्यापारियों को नोटिस थमाए गए। वहीं, कई व्यापारियों ने निगम की कार्यप्रणाली का भी विरोध किया है। कहा कि उनकी दुकान के बाहर किसी भी तरह की रेहड़ी-ठेली या फड नहीं लगती। बावजूद निगम ने उन्हें भी नोटिस थमाया हुआ है। उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम को निर्देशित किया गया है। इसके लिए निगम व प्रशासन की ओर से समय-समय पर अभियान भी चलाया जाएगा।