गोखले मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। वरिष्ठ नागरिक मंच कोटद्वार के प्रचार एवं प्रसारण सचिव आरसी कोठारी ने प्रदेश सरकार से गोखले मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम कोटद्वार प्रशासन को निर्देशित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उक्त मार्ग अतिक्रमण होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को भेजे ज्ञापन में आरसी कोठारी ने कहा कि कोटद्वार का गोखले मार्ग अति व्यस्ततम है, जिस कारण यहां से लोगों की आवाजाही भी अधिक होती है। मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों की शह पर इस मार्ग पर फल सब्जियां वाले ठेली और फड़ लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इस मार्ग पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। सांय के समय तो इस मार्ग पर दुपहिया वाहन चालकों को घंटों तक जाम का सामना करना पड़ रहा है। यहां पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। मार्ग पर दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। वर्तमान में गोखले मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण की जद में आ गया है, लेकिन पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई बार निगम के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद भी समस्या का निराकरण नहीं किया जा रहा है। जबकि जनता की परेशानियों को दूर करना निगम की कर्तव्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *