सेलम (तमिलनाडु), सरकारी बस, टेंपो और बाइक की टक्कर में एक गर्भवती महिला समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में सेल्बराज, मुरुगन, अमुथा, निथिशका, जीविका और गर्भवती सत्य टेंपो में सवार थे. इनके अलावा दोपहिया वाहन पर जा रहे इरुसायी और मणिकंदन की भी जान चली गई. आशंका है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है.
20 मार्च की दोपहर यात्रियों को लेकर एक सरकारी बस कोयंबटूर सेंट्रल बस स्टैंड से सेलम की ओर जा रही थी. बस जब बेंगलुरु-कोयंबटूर नेशनल हाईवे पर उथमाचोलापुरम इलाके से गुजर रही थी, तभी ड्राइवर ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. बस डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी तरफ (विपरीत लेन) चली गई और सामने से आ रहे एक टेंपो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. फिर बाइक सवार को कुचल दिया. इस दौरान कई वाहनों में टक्कर मारी.
इस भीषण हादसे की सूचना मिलते ही कोंडलमपट्टी पुलिस मौके पर पहुंची. बस के घायल यात्रियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल भेजा गया. बस में घायल यात्रियों की सही संख्या और ड्राइवर व कंडक्टर की स्थिति के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है. इसके अलावा, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सेलम के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है.
इस बीच, इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है.
इस घटना के संबंध में उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) पेज पर लिखा- सेलम-उथमचोलापुरम इलाके में, कोयंबटूर से सेलम की ओर जा रही तमिलनाडु सरकार की एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई. खबरों के अनुसार, बस सड़क के डिवाइडर को तोड़कर विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों से तेज रफ्तार में टकरा गई. इस खबर को सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है.