जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं के संरक्षण को लेकर जागृति संस्था का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान निवर्तमान महापौर हेमलता नेगी व पूर्व काबीना मंत्री ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया। निवर्तमान महापौर ने कहा कि शहर की सड़कों पर भटक रहे आवारा पशुओं को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए उन्होंने कई प्रयास किए। लेकिन, प्रदेश सरकार ने कभी भी उनका साथ नहीं दिया।
जागृति संस्था की ओर से तहसील परिसर में क्रमिक अनशन किया जा रहा है। पांचवे दिन निवर्तमान महापौर हेमलता नेगी व पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने आंदोलनस्थल में पहुंचकर संस्था को अपना समर्थन दिया। कहा कि आवारा पशुओं के संरक्षण व उन्हें अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए उन्होंने सरकार से सहयोग की अपील की। इसके लिए बाकायदा उन्होंने कई पत्र भी सरकार को भेजे। लेकिन, सरकार ने कोई मदद नहीं की। कहा कि शहर की समस्याओं के लिए जनता को जागरूक होना होगा। जनता के एकजुट होने से ही सरकार समस्याओं को लेकर गंभीरता दिखाएगी। पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सरकार ने नगर निगम बनाकर जनता का शोषण किया है। ग्रामीण क्षेत्रों से जबरन टैक्स वसूलने की भी सरकार तैयारी कर रही है। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष मनीष भट्ट, रोहित लखेड़ा, सुनीता नेगी, राजेश सिंह, महावीर सिंह रावत, जितेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।