जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : एलपीजी गैस की किल्लत व सिलेंडर के दाम में वृद्धि के विरोध में जिला मुख्यालय में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सरकार पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने शीघ्र ही व्यावसायिक व घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के समीप स्व. एचएन बहुगुणा मूर्ति स्थल पर एकत्रित हुए। उन्होंने खाली सिलेंडर के साथ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विनोद नेगी की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसियों ने एलपीजी गैस की किल्लत और दाम बढ़ाए जाने पर केंद्र को आड़े हाथों लिया। कहा कि सरकार सिलिंडरों के पर्याप्त भंडारण होने की बात कह रही है। यदि भंडारण पर्याप्त है तो उपभोक्ता क्यों लाइनों में लगने को मजबूर हैं, क्यों व्यावसायिक और घरेलू सिलिंडरों के लिए 25-25 दिनों की प्रतीक्षा करवाई जा रही है। इस मौके पर पूर्व विधानसभा सचिव जगदीश चंद्रा, तामेश्वर आर्य, दिनेश कोहली, कुलदीप रावत, भरत रावत, अनूप सिंह, अनिल कुमार, शोभा, पूजा, हेमलता, राधिका, जशोदा आदि मौजूद रहे।