सरकार राज्य आंदोलनकारियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है : पोरी

Spread the love

राज्य अन्दोलनकारियों व शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की 23वीं वर्षगांठ पर जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों व शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर विधायक व जिलाधिकारी द्वारा 14 दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण, 15 किशोरी किट व 05 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट के अलावा निबंध प्रतियोगिता में अव्वल प्रतिभागियों को पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया।
राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर स्थानीय विधायक ने जिला मुख्यालय के एजेंसी चौक निकट स्थित शहीद स्मारक पर श्रृद्धासुमन अर्पित किये। साथ ही उन्होंने एजेंसी चौक में स्कूली बच्चों की रैली को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया। विधायक ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पंहुचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि पौड़ी जिला ऐतिहासिक होने के साथ-साथ उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन की आधार भूमि है यहीं से उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन की मांग की चिंगारी उठी थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि राज्य बनने के बाद जनपद के दूरस्थ गांवों के आखरी व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। जरुरतमंद व पात्र व्यक्ति को इनका भरपूर लाभ मिल पा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य बनाने में राज्य आंदोलनकारियों की अहम भूमिका रही है। कहा कि राज्य जिस तरह से विकास की ओर प्रतिदिन बढ़ रहा है उसी तरह एक दिन उत्तराखंड प्रदेश देश-विदेशों में एक अलग पहचान बनायेगा। कार्यक्रम में नगर पलिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी ईला गिरी, जिला विकास अधिकारी मनविन्दर कौर, उपजिलाधिकारी सदर स्मृता परमार, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद, जिला अध्यक्ष सुषमा रावत सहित जनप्रतिनिधि, अनमानस व अधिकारी गण उपस्थिति थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *