श्रीनगर गढ़वाल : उत्तराखंड क्रांति दल की केन्द्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक निजी होटल में शनिवार को संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आगामी चुनावों की रणनीति बनाई। यूकेडी के केन्द्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत ने कहा कि दो दिवसीय बैठक में प्रदेशभर से आये पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने त्रिस्तरीय चुनाव और विधानसभा चुनाव में दल को मजबूती के साथ मैदान में उतारने की बात पर हामी भरी है। कठैत ने बताया कि यूकेडी ब्लाक स्तर से लेकर गांव-गांव में ग्रामीणों को एकत्र कर इकाइयों का निर्माण करेगी। कहा कि उत्तराखंड में आज राष्ट्रीय पार्टियों ने पैसा बहाकर आम जनता को पहाड़ के मुद्दों से गुमराह करने का काम किया है। आज प्रदेश के विद्यालयों में छात्र संख्या नाम मात्र रह गयी है और अध्यापकों को जबरदस्ती गिने चुने पढ़ रहे छात्रों पर थोपा जा रहा है। बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की हालत व्यथित करने वाली है। रोजगार के नाम पर बाहर से आ रही कंपनियां और धन्ना सेठ जमीनों का सौदा कर रहे हैं। कहा कि मूल निवास-भू कानून की लड़ाई अब हर उत्तराखंडवासी की लड़ाई है जिसके लिये यूकेडी आंदोलनरत है। कठैत ने कहा कि यूकेडी आगामी चुनावों में पहाड़ की अस्मिता बचाने को लेकर जनता के बीच पहुंचेगी। कार्यवाहक अध्यक्ष आनंद जुयाल ने यूसीसी पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार उत्तराखंड की संस्कृति को बर्बाद करने जा रही है। बताया कि हमारी पौराणिक परंपराओं के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस मौके पर विजयंत निजवाला, महेन्द्र सिंह, आशुतोष नेगी, मेजर संतोष भंडारी, प्रमिला रावत, मीनाक्षी घिल्डियाल, सरस्वती देवी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)