नियमों के तहत चारधाम यात्रा शुरू कराए सरकार: पंकज माटा

Spread the love

बिजली, पानी के बिल, स्कूल फीस माफ करने की मांग भी की
हरिद्वार। बाजार नहीं खुलने से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे व्यापारी लगातार सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं। देव गंगा व्यापार मण्डल के महामंत्री पंकज माटा ने सरकार से नियमित रूप से बाजार खोलने की अनुमति देने के साथ 6 महीने के बिजली, पानी व स्कूल फीस माफ करने की मांग की है। प्रैस के माध्यम से सरकार से मांग करते हुए पंकज माटा ने कहा है कि पिछले वर्ष कोरोना की शुरूआत होने के बाद किए लॉकडाउन को सफल बनाने में व्यापारियों ने सरकार को पूरा सहयोग दिया। सरकार का सहयोग करने के साथ जरूरतमंदों की मदद करने में व्यापारी आगे रहे। कोरोना की वजह से लंबे समय तक पाबंदियां लागू रही। जिसका व्यापार पर विपरीत असर हुआ। व्यापारियों को उम्मीद थी कि कुंभ मेले के दौरान व्यापार में गति आएगी। लेकिन व्यापारिक दृष्टिकोण से कुंभ मेला पूरी तरह विफल साबित हुआ। कुंभ मेला समाप्त होने के बाद कोविड क्रफ्यू लागू कर दिया गया। बाजार खोलने पर पाबंदियां लगा दी गयी। चारधाम यात्रा भी स्थगित कर दी गयीं। पंकज माटा ने कहा कि हरिद्वार का व्यापार व उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था पूरी तरह धार्मिक पर्यटन पर आधारित है। लेकिन चारधाम यात्रा स्थगित होने व बार्डर बंद होने से यात्री हरिद्वार नहीं आ पा रहे हैं। जिससे व्यापारियों की स्थिति बेहद खराब हो गयी है। व्यापारी घर का खर्च चलाने व बिलों का भुगतान करने में भी असमर्थ हो गए है। सरकार को व्यापारियों की स्थिति को समझते हुए छह माह के बिजली, पानी के बिल व स्कूल फीस माफ कर व्यापारियों को राहत देनी चाहिए। साथ ही कोविड नियमों का पालन कराते हुए चारधाम यात्रा शुरू करानी चाहिए। जिससे व्यपारिक गतिविधियां सामान्य हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *