मलिन बस्तियों के लोगों को मालिकाना हक दे सरकार

Spread the love

देहरादून। कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक राजकुमार और पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने सोमवार को शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मलिन बस्तियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि सरकार मलिन बस्तियों को न हटाए जाने के लिए अध्यादेश लाने की तैयारी कर रही है। इससे पूर्व दो बार अध्यादेश लाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने बस्तियों के नियमितीकरण को प्रस्ताव पारित किया था। लेकिन अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर वार्डों में परिसीमन की प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने कहा कि कई वार्ड में क्षेत्र इधर से उधर होने से वोटर लिस्ट गड़बड़ा गई है। इससे मतदाताओं में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। ऐसे में वार्डों का नया परिसीमन रद्द किया जाना चाहिए।
नगर निगम में आउटसोर्स कर्मचारियों को न हटाएं
नगर निगम ऐसे आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने की तैयारी कर रहा है, जो ड्यूटी पर नहीं आने के बावजूद निगम से वेतन ले रहे हैं। अनावश्यक रखे गए कुछ कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी की जा रही है। पूर्व महानगर अध्यक्ष और पूर्व विधायक ने कहा कि आखिर निगम ने पहले क्यों कर्मचारियों की संख्या मानकों से अधिक होने पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखा जाए कि किसी जरूरतमंद कर्मचारी का रोजगार न छिन जाए। इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट सिटी के कार्यों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आधे अधूरे कार्यों की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए शेष कार्य जल्द पूरा करवाया जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *