जागेश्वर धाम के पुजारी कैलाशानंद महाराज को राज्यपाल ने किया सम्मानित

Spread the love

अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज को उत्कृष्ट जनसेवा और सनातन धर्म के प्रति समर्पण के लिए राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सम्मानित किया है। उत्तराखंड के दुर्गम क्षेत्रों में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली 13 विभूतियों में अल्मोड़ा जनपद से उनका चयन किया गया। रेड एफएम 93.5 की टीम ने बीते तीन महीनों के दौरान राज्य के विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर ऐसे लोगों की पहचान की, जिन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस अभियान के तहत चयनित 13 व्यक्तियों के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्में भी तैयार की गईं, ताकि उनके कार्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके। महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज का चयन उनके प्रेरणादायी सफर को देखते हुए किया गया, जिसमें उन्होंने एक सामान्य परिवार से आगे बढ़कर देश-विदेश में पहचान बनाई और जागेश्वर धाम क्षेत्र का मान बढ़ाया। उनके सेवा कार्यों में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए आश्रमों की स्थापना, गौशालाओं का संचालन, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों को सहयोग तथा सनातन धर्म के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के प्रयास शामिल हैं। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ने ‘एक पहाड़ी ऐसा भी’ कार्यक्रम के अंतर्गत उन्हें सम्मान पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर रेड एफएम 93.5 की टीम से रजत शक्ति, हिमांशु शर्मा, आरजे निधि, सरीन सब्जवानी, खुशाल शाह और मानिक अरोरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कैलाशानंद महाराज को मिले इस सम्मान से जागेश्वर क्षेत्र और जनपद में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *