ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने कराया आरटीआई कार्यकर्ता पर केस दर्ज

Spread the love

आरटीआई कार्यकर्ता के खिलाफ ग्राम प्रधान संघ ने प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की
रुद्रपुर। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी देवेन्द्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरटीआई कार्यकर्ता निखिलेश घरामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तहरीर में सरकारी कार्यों में बाधा डालने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उधर सितारगंज में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के समर्थन और आरटीआई कार्यकर्ता के खिलाफ ग्राम प्रधान संघ ने शुक्रवार को कोतवाली में प्रदर्शन कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
देवेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि निखिलेश घरामी एक व्यक्ति का परिवार रजिस्टर में नाम नियमविरुद्ध दर्ज कराने के लिए दबाव बना रहे थे। नाम नहीं चढ़ाने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया कि सरकारी कार्यों में बाधा डाली। देवेन्द्र सिंह ने गुरुवार की शाम शक्तिफार्म चौकी में तहरीर दी। शुक्रवार को प्रधान संघ के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर के नेतृत्व में सितारगंज, नानकमत्ता, शक्तिफार्म के ग्राम प्रधानों ने सितारगंज कोतवाली में प्रदर्शन किया। बाद में कोतवाल सलाहउद्दीन ने शक्तिफार्म पुलिस चौकी में प्रधानों के साथ बैठक कर कार्यवाही का आश्वासन दिया। पुलिस ने निखिलेख घरामी के खिलाफ 186, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष भास्कर ने बताया कि आरटीआई कार्यकर्ता गांवों में विकास नहीं होने दे रहे हैं। ग्राम पंचायत अधिकारियों, प्रधानों को धमका रहे हैं। उन्होंने जांच की मांग की। यहां कुलदीप सिंह, विधानदास, नारायण सरदार, पंकज बासु, गुरदीप सिंह, बलबीर सिंह, धर्मवीर सिंह, कुलविन्दर, अशोक माली, सुखदेव सिंह शामिल रहे।
निखिलेश ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ दी तहरीर
आरटीआई कार्यकर्ता निखिलेश धरामी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह सूचना अधिकार का प्रार्थना पत्र देने गया था। इस दौरान एक व्यक्ति के परिवार रजिस्टर के कागज देखने से ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने मना कर दिया। घरामी ने आरोप लगाया कि उसने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के कार्यों के लिए सूचना अधिकार लगाया है। कुछ शिकायतों में जांच हो रही है। वह सूचना अधिकार व जांच की कार्यवाही वापसी के लिए दबाव बना रहे हैं। इसके लिए धमकाने का आरोप लगाया है। निखिलेश ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *