देहरादून। श्री बालाजी जन्मोत्सव के अवसर पर दो अप्रैल को शहर में श्री बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंगलवार को प्रेस क्लब में पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सेवा दल की ओर से शोभायात्रा की तैयारियों की जानकारी दी गई। महंत रवींद्र पुरी के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत प्रातः मंदिर में हनुमान जी व बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार, चोला अर्पण और भोग लगाया जाएगा। इसके बाद दोपहर बाद शोभायात्रा निकलेगी।सेवादल के मुख्य सेवादार संजय कुमार गर्ग ने बताया कि शोभायात्रा में अयोध्या से आई श्रीराम की पवित्र ज्योति और मेहंदीपुर (राजस्थान) से आई बालाजी ज्योत शामिल होंगी। लगभग 501 महिलाएं कलश यात्रा में भाग लेंगी। शोभायात्रा में ऊंट, घोड़े, बग्गी, बैंड-बाजे और विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहेंगी। पहली बार ड्रोन से पुष्प वर्षा और आतिशबाजी भी की जाएगी।यात्रा सायं तीन बजे शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पलटन बाजार, तिलक रोड होते हुए रात्रि 8 बजे वापस पहुंचेगी। इसके बाद मंदिर में आरती व प्रसाद वितरण होगा।कार्यक्रम के संचालन के लिए करीब 100 से अधिक सेवादार तैनात रहेंगे। 4 अप्रैल को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और 5 अप्रैल को भंडारा आयोजित होगा। साथ ही 19 जून को 51 जरूरतमंद कन्याओं के सामूहिक विवाह का भी आयोजन किया जाएगा।प्रेस वार्ता में नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, कपिल गुप्ता, विवेक मोहन श्रीवास्तव, प्रदीप दुग्गल, मनमोहन शर्मा, रोहित अग्रवाल, शैलेंद्र सिंघल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।