चामुंडा देवी की दिवारा यात्रा का भव्य स्वागत

Spread the love

रुद्रप्रयाग : कालीमठ घाटी के जाल मल्ला के चौंरा से मां चामुंडा देवी की दिवारा यात्रा गांव-गांव जाकर भक्तों की कुशलक्षेम पूछ रही है। दिवारा यात्रा को लेकर लोगों में जोरदार उत्साह है। हर कोई मां की यात्रा का फूल मालाओं के साथ स्वागत कर रहा है। 15 वर्षों बाद शुरू हुई मां चामुंडा देवी की दिवारा यात्रा को लेकर बीते दिन विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। यात्रा से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक बना है। यात्रा के दौरान चामुण्डा देवी की डोली केदारनाथ सहित सम्पूर्ण केदार घाटी के तीर्थ स्थलों और गांवों का भ्रमण करेगी। ग्रामीणों के साथ ही श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी। देवी की दिवारा यात्रा का समापन जाल मल्ला पहुंचने पर होगा। पहले दिन डोली की यात्रा में जाल मल्ला, जाल तल्ला, चौमासी, चिलौण्ड व खोन्नू सहित कालीमठ घाटी के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग पुण्य अर्जित करने पहुंचे। इससे पहले आचार्य रोहन देवशाली, अमित भट्ट, राजेन्द्र प्रसाद देवशाली, पुरूषोत्तम भट्ट व प्रकाश भट्ट ने भगवती चामुण्डा की तपस्थली चौरा में पंचाग पूजन किया। मां चामुण्डा, जाखराजा सहित तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का आह्वान करते हुए आरती उतारी। श्रद्धालुओं ने मां चामुण्डा की डोली और अन्य देवी-देवताओं के निशानों का विशेष श्रृंगार किया। दोपहर बाद यात्रा के रवाना होते ही पूरा इलाका भगवती की जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान कई देवी-देवता नर रूप में अवतरित हुए और यात्रा के निर्विघ्न संपन्न होने का आशीर्वाद दिया। भक्तों ने डोली की परिक्रमा की साथ ही लाल-पीले वस्त्र अर्पित कर मन्नतें मांगीं। यात्रा को ब्राह्मणों द्वारा वेद मंत्रों और महिलाओं द्वारा भजनों के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इस मौके पर केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि भगवती चामुण्डा देवी की महिमा का वर्णन वेद-पुराणों में मिलता है। कालीमठ घाटी की धार्मिक, आध्यात्मिक व सांस्कृतिक पहचान विशिष्ट है। उन्होंने चामुण्डा मन्दिर और उसके परिसर के सौन्दर्यीकरण के लिए विधायक निधि से दस लाख रुपये देने की घोषणा की। राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में दिवारा भ्रमण की परम्परा युगों पुरानी है, आज भी भक्त इसे निष्ठा से निभा रहे हैं। कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य ल्वारा सुबोध बगवाडी, सरोज देवी, प्रधान बुरूवा मदन भट्ट, भाजपा ऊखीमठ मण्डल अध्यक्ष दलवीर नेगी, उद्योगपति खुशहाल नेगी सहित कई लोग मौजूद थे। यात्रा का संचालन स्थानीय समिति के पदाधिकारी कर रहे हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *