पोते ने की थी बुजुर्ग महिला की हत्या, गिरफ्तार

Spread the love

-पाबौ क्षेत्र में गत 22 दिसंबर को हुई बुजुर्ग महिला की हत्या
-आरोपी से लूट का सामान भी हुआ बरामद
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पाबौ क्षेत्र के अंतर्गत बुजुर्ग महिला की हत्या कर लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से लूट का सामान भी बरामद किया गया है। आरोपी मृतका का पोता है।
पुलिस के अनुसार गत 22 दिसंबर को बसन्त सिंह रावत ने फोन पर चौकी प्रभारी सूरत शर्मा को सूचना दी कि उनके गांव बगड़ में एक बुजुर्ग महिला सावित्री देवी उम्र 78 वर्ष की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई है। उक्त सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक पौड़ी, थानाध्यक्ष पैठाणी, चौकी प्रभारी पाबौ मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। उक्त घटना के संबंध में मृतका के पुत्र बलबीर सिंह ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मां सावित्री देवी की हत्या कर, घर से गहने व नकदी चोरी कर ली। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार, मनीषा जोशी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी प्रेमलाल टम्टा के पर्यवेक्षण, प्रभारी निरीक्षक पौड़ी विनोद सिंह गुंसाई के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने गुरुवार को आरोपी नवीन रावत को पाबौ से सतपुली जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नोयडा में मजदूरी करता था और उसकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी। वह घटना से एक दिन पूर्व जंगल के रास्ते से अपने गाँव बगड़ आया। आरोपी को पहले से पता था कि उसकी बुजुर्ग दादी (मृतका) घर में अकेली रहती है। जिसके चलते दिन में मौका पाकर वह घर में लूट के इरादे से घुसा। इस दौरान बुजुर्ग महिला सावित्री देवी ने उसे रोका तो उसने सामने पड़े डंडे से सावित्री देवी के सिर पर वार कर लूट करके फरार हो गया।
बाक्स
आरोपी से बरामद लूट का सामान
92,470 रुपये नकद, 03 सोने के हार, सोने की नाक की लोंग, एक सोने की अंगूठी, एक सोने की बुलाक, 03 चांदी के कड़े, 02 चांदी की पायल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *