नई टिहरी : जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों ने डीएम टिहरी नितिका खंडेलवाल को पत्र लिखकर पंचायत चुनाव में ड्यूटी न लगाने की मांग की है। इस बाबत सौंपे पत्र में डीमए को अतिथि शिक्षकों ने समस्याओं से भी अवगत कराया है। डीएम टिहरी को लिखे पत्र में जनपद के माध्यमिक अतिथि शिक्षक एसोसिएशन ने मांग की है कि अतिथि शिक्षकों को चुनावी ड्यूटी से मुक्त रखा जाय। समस्यायें अवगत कराते हुए बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में अतिथि शिक्षक अल्प मानदेय पर कार्यरत हैं। इस पर उन्हें न तो शीतकालीन व नहीं ग्रीष्म कालीन अवकाश के दौरान मानदेय दिया जाता है। जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। जिससे अतिरिक्त ड्यूटी का आर्थिक भार नहीं उठा सकते हैं। राजकीय कर्मचारी न होने के चलते उन्हें सामुहिक बीमा की भी सुविधा नहीं है। जिससे चुनावी ड्यूटी में होने वाले जोखिम को उठाने में भी सक्षम नहीं हैं। पंचायत चुनाव में अतिथि शिक्षकों के रिश्ते-नातेदार भी बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर रहे हैं। ऐसे में अतिथि शिक्षकों की ड्यूटी का औचित्च भी नहीं है। अतिथि शिक्षक विद्यालयों में प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापक के पदों पर कार्यरत है। जबकि ड्यूटी चतुर्थ श्रेणी में दी गई है। जो अतिथि शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता व पद की गरिमा के विपरीत है। जिससे चुनावी ड्यूटी करने में सक्षम नहीं है। अतिथि शिक्षकों ने समस्याओं से अवगत कराते हुए चुनावी ड्यूटी से पूरी तरह से पृथक रखने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में एसोसियेशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र गौड़, उपाध्यक्ष गिरीश विष्ट, उपाध्यक्ष उषा भट्ट, महामंत्री उत्तम लिंगवाल सहित अन्य शामिल रहे। (एजेंसी)