गुलदार ने किया दो बाइक सवारों पर हमला

Spread the love

काशीपुर। घात लगाकर बैठे गुलदार ने दो बाइक सवारों पर हमला कर घायल कर दिया। दोनों युवकों को सरकारी अस्पताल से इलाज कराने के बाद टुट्टी दे दी गई। वहीं, वन कर्मियों ने पिंजरा लगाकर गश्त बढ़ा दी है। साथ ही मुनादी कराकर ग्रामीणों से देर रात को घर से बाहर न रहने की अपील की है। जानकारी के अनुसार ग्राम भोगपुर निवासी बलविंदर सिंह बाइक से अपने रिश्तेदार को लेने के लिए जसपुर जा रहा था। ग्राम बढ़ियोवाला के पास नहर की झाड़ियों में छिपे बैठे गुलदार ने हमला कर उसे गिरा दिया और खींच कर झाड़ियों में ले जाने लगा। कुछ ही दूरी पर खड़े ग्रामीणों ने भागकर उसे बचाया। इसी गांव का धर्मेंद्र सिंह पतरामपुर स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। बढ़ियोवाला गांव में गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उसे बचाया। घायलों को ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पतरामपुर ले जाया गया। जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। इधर, वन क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सुबह-शाम गश्त बढ़ाई गई है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों से देर रात घर से बाहर न रहने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *