जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पोखड़ा के घड़ियाल में महिला पर हमला करने वाला गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है। गुलदार कैद होने के बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली। लेकिन, ग्रामीणों को अब भी गांव के आसपास गुलदार घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने वन विभाग ने अन्य गुलदारों को भी पकड़ने की मांग उठाई है।
कुछ दिन पूर्व गुलदार ने घड़ियाल निवासी प्रभा देवी पर हमला किया था। प्रभा देवी के साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरु किया, जिसके बाद गुलदार प्रभा देवी को घायलावस्था में छोड़कर चला गया था। ग्रामीणों ने घायल प्रभा देवी को उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया। जहां अब भी उनका उपचार चल रहा है। वहीं, इससे पूर्व घड़ियाल गांव के समीप ही स्थित बगड़ीगाड़ गांव में भी गुलदार ने बुजुर्ग महिला रानी देवी को अपना निवाला बनाया था। जिसके बाद वन विभाग ने दोनों गांव में पिंजरे लगा दिए थे। साथ ही गांव में वन कर्मियों की भी तैनाती की गई। शनिवार को घड़ियाल गांव में लगे पिंजरे में एक गुलदार कैद हुआ। वहीं, ग्रामीणों को अब भी गांव के आसपास गुलदार घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग को अन्य गुलदार को कैद करने के लिए भी पिंजरा लगाना चाहिए। वन विभाग के एसडीओ लक्की शाह ने बताया कि गुलदार को पिंजरे में कैद कर उसे मेडिकल टेस्ट के लिए लेकर जाया जा रहा है।