रुद्रप्रयाग : जनपद के त्रियुगीनारायण में शुक्रवार रात गोशाला में घुसकर गुलदार ने सात मवेशियों को मार डाला। इनमें तीन दुधारु गाय, दो बैल और दो बछड़े शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नीलकंठ अवस्थी और जयंती देवी की गोशाला में गुलदार ने घुसकर मवेशियों को मार डाला। ग्राम प्रधान रुचि गैरोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन तिवारी और व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र सेमवाल ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधि देखीं जा रही थीं, लेकिन वन विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने क्षेत्र में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। लोगों ने वन कर्मियों के सामने अपना गुस्सा जाहिर कर गुलदार को पकड़ने और गांव में सुरक्षा देने की बात कही। वहीं रेंज अधिकारी विमल भट्ट ने कहा कि टीम मौके पर है और स्थिति का मुआयना किया जा रहा है। पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाएगी। वहीं इलाके में निगरानी रखी जा रही है। (एजेंसी)
दो बकरियों को मारा
आदिबदरी : नैनीताल हाईवे के बकरियां बैंड में शुक्रवार रात को गुलदार ने बकरियों के झुंड पर हमला कर दो बकरियों को मार डाला। चरवाहों ने किसी तरह गुलदार को वहां से भगाया। पशुपालक सुरेंद्र ने बताया कि आधी रात्रि को गुलदार आया और दो बकरियों को मार डाला। उन्होंने शासन-प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की।