शौचालय में घुसा गुलदार, वापस जंगल में भगाया

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही। प्रखंड एकेश्वर के अंतर्गत ग्राम कठूली में शौचालय में घुसे गुलदार को ग्रामीणों ने पटाखे फोड़ जंगल की ओर भगाया।
चौबट्टाखाल विधानसभा के पोखड़ा व एकेश्वर प्रखंडों में लगातार गुलदार का आतंक बना हुआ है। इन प्रखडों में गुलदार कई हमले कर चुका है। ग्रामसभा कठूली, डोबल, बग्याली, नाव में भी दिनदहाड़े गुलदार नजर आ रहे हैं। बीती शाम करीब छ: बजे ग्राम कठूली निवासी नरेंद्र सिंह की बकरी का पीछा करते हुए गुलदार घर के निकट बनें शौचालय में जा घुसा। ग्रामीणों ने शोर मचाकर व पटाखे फोड़ गुलदार को गौशाला से बाहर निकाल जंगल की ओर भगाया। ग्रामसभा कठुली निवासी नरेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, बग्याली निवासी सत्यप्रसाद धस्माना ने बताया कि गुलदारों के आंतक के कारण अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने में डर रहे हैं। दिन ढलते ही ग्रामीण घरों में कैद होने को मजबूर हैं। पूर्व ब्लाक प्रमुख एकेश्वर नीरज पांथरी ने कहा कि गुलदारों का आतंक लगातार जारी है। वन विभाग के पास पिजड़ों की कमी है। साथ ही स्टाफ की भी कमी है। नतीजा, कर्मचारी समय से गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में नहीं पहुंच पा रहे। उन्होने वन विभाग के उच्च अधिकारियों से क्षेत्र में वन विभाग के कार्यालयों मे अतिरिक्त पिजड़े मुहैया कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *