गणुवासिरमोली के पंचायतघर के पास मृत मिला गुलदार

Spread the love

बागेश्वर। धरमघर वन रेंज के अंतर्गत गणुवासिरमोली गांव के पंचायतघर के पास एक गुलदार अचेतावस्था में मिला, जिसकी वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की। गांव निवासी चंद्रशेखर जोशी ने शनिवार सुबह पंचायतघर के पास गुलदार को अचेत अवस्था में देखा, जिसके मुंह से झाग निकल रहा था। उन्होंने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान नीमा धामी को दी, जिसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया। सूचना पर रेंजर दीप जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार दम तोड़ चुका था। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर लीसा फैक्ट्री अन्नपूर्णा के पास पहुंचाया, जहां पशुपालन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम किया। रेंजर दीप जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया गुलदार की मौत कमजोरी के कारण प्रतीत हो रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि मृत नर गुलदार की उम्र लगभग छह वर्ष और लंबाई करीब दो मीटर थी। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने शव का विधिवत निस्तारण करते हुए उसे जला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *