नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतपुली-गुमखाल के मध्य कार्य कर रहे थे नेपाली श्रमिक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही। नजीबाबाद-बुवाखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतपुली-गुमखाल के मध्य सड़क चौड़ीकरण कार्य में जुट एक नेपाली श्रमिक के बच्चे को गुलदार उठा ले गया। घटना से कुछ दूर झाड़ियों से मासूम का शव बरामद हुआ।
घटना शुक्रवार रात की है। मार्ग चौड़ीकरण कार्य में जुटे नेपाली श्रमिको ने ग्राम सतपुली मल्ली के समीप सड़क किनारे डेरा बनाया हुआ है। रात के समय रमेश की पत्नी सड़क किनारे खाना बना रही थी। समीप ही उनका तीन वर्षीय पुत्र विवेक भी बैठा हुआ था। इसी दौरान गुलदार ने विवेक पर झपट्टा मार दिया व उसे मुंह में दबा सड़क से नीचे की तरफ झाड़ियों में लेकर चला गया। गुलदार का हमला होते ही डेरे में हड़कंप मच गया व श्रमिक गुलदार के पीछे भागे। लेकिन उसका कही पता नहीं चला। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल से कुछ दूर झाड़ियों से बच्चे का शव बरामद हुआ।