गुलदार ने किशोर को बनाया निवाला, दहशत में लोग

Spread the love

ग्रामीणों ने रेंज कार्यालय लगाया ताला, लापरवाह अधिकारियों के निलंबन की मांग
नई टिहरी : देवप्रयाग में तहसील के समीप डिग्री कालेज पैदल मार्ग पर गुरुवार देर शाम गुलदार ने 17 वर्षीय अनुराग चौहान को मार डाला। राइंका देवप्रयाग में 12वीं के छात्र अनुराग का अधखाया शव देर रात घटना स्थल से 70 मीटर नीचे जंगल में मिला। घटना के समय अनुराग क्रिकेट खेल कर वापस घर लौट रहा था। अनुराग का सीएचसी बागी में पीएम किये जाने के बाद शव परिजनों को सौप दिया है। घटना से हर कोई स्तब्ध है।
बीते गुरुवार देर शाम तहसील में स्टांप विक्रेता बलवंत चौहान का पुत्र अनुराग खेलकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान गुलदार ने उस पर हमला कर मार डाला। घटना की सूचना पर विधायक विनोद कंडारी सुबह तड़के 4 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और वन विभाग को गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के निर्देश दिए। जिसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। शुक्रवार को घटना के गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के रेंज कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए पकड़े गए गुलदार को ढेर किए जाने की मांग की। घटना के लिए वन विभाग को जिम्मेदार मानते हुए लोगों ने रेंजर कार्यालय पर ताला जड़ते हुए धरना दिया। मौके पर लोगों ने डीएफओ नरेंद्रनगर जीवन दगड़े व एसडीएम सोनिया पंत से लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को तत्काल निलंबित किये जाने की मांग की। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए डीएफओ ने मामले की दस दिनों में जांच कर कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में पूर्व प्रमुख जयपाल पंवार, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष सोबन सिंह, प्रधान होशियार सिंह, अरविंद जियाल, वीरेंद्र सिंह, रूपेश गुसाई, दिलीप सिंह आदि शामिल रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *