सावधान: लैंसडौन आबादी क्षेत्र में घूम रहा गुलदार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटक नगर लैंसडौन के आबादी क्षेत्र में इन दिनों गुलदार की धमक बनी हुई है। शाम ढलते ही लोगों को आबादी क्षेत्र के आसपास गुलदार घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। लैंसडौन वासियों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलवाने की मांग की है।
सोमवार रात 12 बजे गुलदार कुली मोहल्ले में घूमता हुआ दिखाई दिया। मोहल्ले में एक छात्र अर्जुन अग्रवाल पढ़ाई कर रहा था तभी उसने गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनी। उसने मोबाइल उठाया और खिड़की से गुलदार की वीडियो बनाने लग गया। थोड़ी देर तक सड़क पर चहलकदमी करने के बाद गुलदार वहां से झाड़ियों की ओर चला गया। लंबे समय से गुलदार की सक्रियता पोस्टआफिस गली, धर्मशाला गेट, कुली मोहल्ले में बनी है जिससे लोगों में भय है। समाजसेवी सुशील अग्रवाल ने कुली मोहल्ले में पिंजरा लगाने की मांग की। कहा कि जिस तरह से गुलदार आबादी वाले क्षेत्र में घूम रहा है और लोकेशन बदल रहा है। इससे लोगों के सामने खतरा बना हुआ है। वहीं लैंसडौन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद डोबरियाल ने बताया कि गुलदार से लोगों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में गश्त का समय बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *